CM चेहरे पर योगी का जवाब- BJP के लिए कमल का फूल ही सब कुछ, सभी उसी पर लड़ेंगे चुनाव
लखनऊ यूपी में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही चर्चाओं पर स्पष्ट जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सब कुछ है। चुनाव में सभी को कमल के फूल पर ही लड़ना है। कौन क्या है, यह सबको पता है। सीएम योगी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब एक दिन पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कमल के फूल को ही मुख्यमंत्री का चेहरा बताया था। सीएम योगी बुधवार को लखनऊ में एक टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रख रहे थे। सीएम योगी ने NDA में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच मतभेद की अटकलों को भी सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल गठबंधन का हिस्सा हैं। सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन में किसी तरह की असमंजस की स्थिति नहीं है। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए की एकजुटता का संदेश देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।साक्षात्कार के दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी। लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही फेल हो गई है। दोनों दलों के बीच एक तरफ सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकें हो रही हैं। वहीं दूसरी तरफ प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इससे बड़ा अपमान क्या हो सकता है।योगी आदित्यनाथ ने तंज कसते हुए कहा कि सपा के लिए राधे-राधे तो शुरुआत है, अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के भी अपने धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं। सपा और कांग्रेस के बीच जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, उससे दोनों दलों के तालमेल की वास्तविकता सामने आ रही है। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि दोनों दल एक-दूसरे को शह और मात देने में जुटे हैं। एक तरफ एक-दूसरे को अपमानित किया जा रहा है और दूसरी तरफ उसी स्थिति को सामान्य बताने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की यह स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम है। सीएम योगी के इस बयान से साफ है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन और चुनाव चिह्न कमल के फूल को केंद्र में रखकर आगे बढ़ने की रणनीति पर जोर दे रही है। वहीं, सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे और प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर पैदा हुई स्थिति को भाजपा विपक्षी गठबंधन की कमजोरी के रूप में पेश कर रही है। चुनाव से पहले ही प्रदेश की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता दिखाई दे रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं