ब्रेकिंग न्यूज

सुल्तानपुर गांधी जयंती पर निकली स्वच्छता जागरूकता रैली, हजारों लोगों ने लिया स्वच्छता का संकल्प


सुल्तानपुर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिले में स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में प्रज्ञा एकेडमी नर्सरी स्कूल, कुड़वार की ओर से स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता करते हुए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण का संदेश दिया।रैली के माध्यम से लोगों को अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने स्वच्छता से जुड़े नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों से अपील की कि कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकें और उसे निर्धारित स्थान पर ही डालें। इसके साथ ही सड़क, बाजार, विद्यालय, सार्वजनिक स्थलों और अन्य स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।जागरूकता रैली में  जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों के साथ ही स्थानीय नागरिकों और स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के दौरान लोगों ने स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

रामकथा में शामिल होने की अपील

स्वच्छता जागरूकता रैली के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए आगामी रामकथा में शामिल होने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर से सात दिवसीय रामकथा का आयोजन अमृत गार्डन, ग्रामसभा सिंघौली, पेट्रोल पंप के सामने, सरैया, बहुरावां बाजार में किया जाएगा। रामकथा प्रसिद्ध कथा वाचक राजन जी महाराज के मुखारविंद से होगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामकथा में सहभागिता करने का आह्वान किया।रैली में शिवकुमार सिंह, दयाराम, आशीष, राजेश अग्रहरि, शशिकांत तिवारी, कुड़वार के पूर्व प्रधान नौशाद अहमद, इसरौली प्रधान नरेंद्र मौर्य सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजन में जिले के हजारों लोगों की सहभागिता रही और लोगों ने स्वच्छता को अपनी दैनिक जिम्मेदारी बनाने का संदेश दिया।


कोई टिप्पणी नहीं