ब्रेकिंग न्यूज

कला उत्सव में छात्राओं ने बिखेरा प्रतिभा का रंग, डीएम ने कहा—रुचि और हुनर के अनुरूप विद्यार्थी तय करें अपना भविष्य


सुलतानपुर पीएम श्री केश कुमारी राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता का भव्य आयोजन पं0 राम नरेश त्रिपाठी सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने माँ सरस्वती जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया ।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य, पीएम श्री केश कुमारी राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज पल्लवी सिंह ने जिलाधिकारी को  पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया । जनपद स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता के अन्तर्गत छात्राओं की रचनात्मकता, प्रतिभा एवं कलात्मक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न विधाओं में कुल 12 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें नाटक, कहानी, गायन, वादन, पेंटिंग, मूर्तिकला, शास्त्रीय वादन सहित विभिन्न कलात्मक विधाएं शामिल रहीं। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य द्वारा उपस्थित अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं को कला उत्सव के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी प्रदान की गयी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता को निखारने के साथ-साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।  इस अवसर पर जिलाधिकारी  ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कला एवं खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सभी बच्चे खेलों में अवश्य प्रतिभाग करें और अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ें। जिला प्रशासन द्वारा प्रतिभावान विद्यार्थियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आप देश की अगली पीढ़ी हैं और आपको स्वयं तय करना है कि भविष्य में क्या करना है। अपनी रुचि के अनुसार क्षेत्र का चयन करें तथा अपनी गुणवत्ता, मेहनत और लगन के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ें।जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के लिए उनकी रुचि, गुणवत्ता और हार्डवर्क सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाओं के लिए अपार अवसर उपलब्ध हैं तथा उत्तर प्रदेश भी तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। ऐसे में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानते हुए निरंतर प्रयास करना चाहिए।  उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि किसी विद्यार्थी को किसी प्रकार की समस्या अथवा कठिनाई हो तो वह उनसे सीधे मिल सकता है। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के लिए वह प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक कलेक्ट्रेट में उपलब्ध रहते हैं। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में तकनीकी एवं नवाचार आधारित सुविधाओं को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को आधुनिक डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराया जाए तथा शिक्षक उसका प्रभावी अनुश्रवण करें। उन्होंने स्मार्ट क्लास के साथ-साथ रोबोटिक्स लैब जैसी आधुनिक सुविधाओं को विकसित करने के लिए भी कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता बतायी, जिससे विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ते हुए उनकी रचनात्मक एवं वैज्ञानिक सोच को विकसित किया जा सके।  कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं का निरीक्षण किया  तथा छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कलात्मक प्रतिभाओं का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उन्होंने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न कलाकृतियों एवं प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अन्त में उपस्थित अतिथियों एवं आयोजकों द्वारा कला, संस्कृति, खेल एवं नवाचार के क्षेत्र में विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहित करने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प व्यक्त किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं