असिस्टेंट प्रोफेसर के 1,936 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी
लखनऊ प्रदेश के अशासकीय अनुदानित सह-शिक्षा महाविद्यालयों और महिला महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने मंगलवार देर शाम 1,936 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन संख्या 04/2026 जारी कर दिया है। भर्ती प्रक्रिया के तहत योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए इस भर्ती में वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था लागू की गई है। निर्धारित शैक्षिक योग्यता और अन्य पात्रता मानकों को पूरा करने वाले अभ्यर्थी ही संबंधित पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।आयोग के उप सचिव के अनुसार असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करनी होगी। ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।अभ्यर्थियों को आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उसे सुधारने का अवसर भी दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन में 11 अक्टूबर 2026 तक संशोधन किया जा सकेगा।आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार सहायक आचार्य पदों के लिए लिखित परीक्षा 19 और 20 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम, केंद्र और अन्य आवश्यक जानकारी आयोग की ओर से समय-समय पर जारी की जाएगी।अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले आयोग की ओर से जारी विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। इसमें शैक्षिक योग्यता, विषयवार रिक्त पद, आयु सीमा, आरक्षण व्यवस्था, आवेदन शुल्क, आवेदन प्रक्रिया और अन्य पात्रता शर्तों की विस्तृत जानकारी दी गई है।आयोग की वेबसाइट upessc.up.gov.in पर भर्ती से संबंधित विज्ञापन और दिशा-निर्देश उपलब्ध हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अर्हता एवं पात्रता रखने वाले अभ्यर्थी ही आवेदन करें।आयोग के अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले विज्ञापन में दी गई सभी शर्तों को अच्छी तरह पढ़ लें। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी विषयवार पदों, शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और आवेदन प्रक्रिया को समझने के बाद ही आवेदन करें तथा अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

कोई टिप्पणी नहीं