ब्रेकिंग न्यूज

डाक विभाग में 23,757 ग्रामीण डाक सेवकों की भर्ती, 10वीं पास युवाओं के लिए नौकरी का मौका


लखनऊ 10वीं पास युवाओं के लिए भारतीय डाक विभाग में नौकरी पाने का सुनहरा अवसर है। डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के 23,757 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। खास बात यह है कि इस भर्ती में उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा। अभ्यर्थियों का चयन 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होने वाली मेरिट सूची के माध्यम से किया जाएगा।भर्ती के तहत ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन प्रक्रिया के लिए पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) 31 अगस्त से 19 सितंबर तक किया जा सकेगा। इसके बाद आवेदन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया 2 सितंबर से 21 सितंबर तक चलेगी। एक उम्मीदवार केवल एक बार ही पंजीकरण कर सकेगा। आवेदन के दौरान हाल की फोटो और हस्ताक्षर भी अपलोड करने होंगे।भर्ती में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं अन्य निर्धारित वर्गों के अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।ग्रामीण डाक सेवक पदों के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को पांच वर्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को तीन वर्ष और पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट दी जाएगी। वहीं, ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को आयु सीमा में कोई अतिरिक्त छूट नहीं दी गई है।आवेदन के लिए उम्मीदवार का 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी ने 10वीं में गणित और अंग्रेजी विषयों के साथ पढ़ाई की होनी चाहिए। इसके अलावा संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा को 10वीं कक्षा तक पढ़ा होना जरूरी है। उम्मीदवार को कंप्यूटर चलाने और साइकिल चलाने का ज्ञान भी होना चाहिए।डाकपाल  ने बताया कि उम्मीदवारों का चयन 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 15 दिन के भीतर संबंधित यूनिट कार्यालय में दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा।दस्तावेज सत्यापन के दौरान उम्मीदवारों को 10वीं की मार्कशीट, पहचान पत्र, जाति प्रमाणपत्र, पीडब्ल्यूबीडी प्रमाणपत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र, ट्रांसजेंडर प्रमाणपत्र, जन्मतिथि प्रमाणपत्र और सरकारी अस्पताल से जारी मेडिकल प्रमाणपत्र सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। कुछ राज्यों में स्थानीय भाषा से संबंधित प्रमाणपत्र भी मांगा जा सकता है।इच्छुक और पात्र उम्मीदवार भारतीय डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट indiapost.gov.in पर जाकर भर्ती से संबंधित अधिसूचना और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अपनी पात्रता, आयु सीमा, स्थानीय भाषा और दस्तावेजों से संबंधित सभी शर्तों को ध्यानपूर्वक जांचने की सलाह दी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं