ब्रेकिंग न्यूज

यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, अगले एक हफ्ते बारिश के आसार


लखनऊ यूपी में कुछ दिनों की नरमी के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बने कम दबाव क्षेत्र के मजबूत होने और मानसून ट्रफ के प्रभाव से प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश का सबसे ज्यादा असर दक्षिणी-पूर्वी जिलों और विंध्य क्षेत्र में देखने को मिलेगा। वहीं मध्यांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है।सोमवार को मौसम विभाग ने चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बांदा, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, रामपुर, बरेली और पीलीभीत समेत 13 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।प्रदेश के 58 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई। बांदा में सर्वाधिक 217.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पीलीभीत में 75 मिमी, गोंडा में 70.6 मिमी और लखीमपुर खीरी में 63.2 मिमी बारिश हुई। सीतापुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद समेत कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव क्षेत्र आगे बढ़ रहा है। इसके साथ मानसून ट्रफ और वातावरण में पर्याप्त नमी की मौजूदगी के कारण उत्तर प्रदेश के दक्षिणी जिलों और विंध्य क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इन इलाकों में कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशौंबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता बनी रहने से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। खासकर दक्षिणी-पूर्वी उत्तर प्रदेश और विंध्य क्षेत्र में भारी बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं