पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर ड्राइवर ने की आत्महत्या
सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक कंटेनर ट्रक के ड्राइवर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना किलोमीटर संख्या 126 पर हुई। मृतक की पहचान जम्मू के रियासी जिले के निवासी ओमप्रकाश (44) पुत्र देवी दास के रूप में हुई है।
सुरक्षा अधिकारी राम चरण वर्मा को 26 अगस्त, को सुबह इस घटना की सूचना मिली। इसके बाद सुरक्षा अधिकारी कपिल देव यादव अपनी टीम के साथ सुबह 7:40 बजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कंटेनर नंबर NL01 AK5262 के दाहिनी ओर की खूंटियों से नायलॉन की रस्सी बांधकर ड्राइवर लटका हुआ था।घटना की सूचना तुरंत गोसाईगंज थाना प्रभारी को दी गई।
112 नंबर की गाड़ी भी मौके पर पहुंची। सुबह थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई। जयसिंहपुर सीओ भी मौके पर पहुंचे।थाना प्रभारी गोसाईगंज ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को एंबुलेंस द्वारा पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर गोसाईगंज थाने ले गई है। मृतक की पहचान उसकी जेब से बरामद आधार कार्ड के आधार पर हुई। आधार कार्ड के अनुसार, ओमप्रकाश पुत्र देवी दास, उम्र 44 वर्ष, मकान नंबर 222, ग्राम शीला, पोस्ट रियासी, जिला रियासी, जम्मू का निवासी था। गोसाईगंज पुलिस थाने द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस संबंध में क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर, सुनील कुमार सिंह ने बताया कि थाना गोसाईगंज क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रक चालक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई है और गोसाईगंज पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।


कोई टिप्पणी नहीं