ब्रेकिंग न्यूज

पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक घायल; तीन गिरफ्तार


सुलतानपुर थाना अखंडनगर क्षेत्र में सोमवार की भोर चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।जबकि पुलिस टीम ने उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के लाखों रुपये कीमत के आभूषण, एक तमंचा, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक सोमवार की भोर थाना अखंडनगर क्षेत्र में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध बदमाश दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में कादीपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी विपिन निषाद उर्फ हाइलैंड के पैर में गोली लग गई। गोली लगने से घायल हुए विपिन को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम ने विपिन के दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कादीपुर थाना क्षेत्र के मझगवां निवासी नागेंद्र उर्फ बबलू तथा अखंडनगर थाना क्षेत्र के अलीपुर कांपा निवासी नीरज के रूप में हुई है।पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से चोरी के लाखों रुपये कीमत के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। बरामद आभूषणों को लेकर पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये आभूषण जिले में हुई किन-किन चोरी की घटनाओं से संबंधित हैं।पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार किया गया विपिन निषाद उर्फ हाइलैंड शातिर अपराधी है और उसका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ कादीपुर थाने में विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा दोस्तपुर थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस अभिलेखों में वर्ष 2019 में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में भी मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।वहीं गिरफ्तार किए गए नागेंद्र उर्फ बबलू के खिलाफ भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। उसके खिलाफ जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र के साथ ही  जिले के दोस्तपुर और मोतिगरपुर थानों में मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस बरामद आभूषणों को लेकर जांच में जुटी है। पूछताछ के दौरान आरोपियों से चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा आरोपियों ने अब तक किन-किन स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि तीनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बरामद आभूषणों के संबंध में जांच की जा रही है। पूछताछ और जांच के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस टीम गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं