सीएचसी अधीक्षक पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी छह घंटे में गिरफ्तार
सुलतानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अखण्डनगर में तैनात अधीक्षक पर जानलेवा हमला करने के मामले में अखण्डनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को घटना के महज छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे की सरिया भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कादीपुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अखण्डनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।घटना बुधवार 19 अगस्त की सुबह करीब 10:30 बजे की बताई गई है। सीएचसी अखण्डनगर की ओपीडी में सीएचसी अधीक्षक डा. सत्येन्द्र सिंह मौजूद थे। इसी दौरान इलाज कराने के लिए आया आरोपी सचिन गौड़ अचानक ओपीडी में घुस आया। आरोप है कि उसने चिकित्सक को गाली देते हुए लोहे की सरिया से उनके सिर पर जान से मारने की नीयत से वार कर दिया। हमले में चिकित्सक को गंभीर चोटें आईं।घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह चिकित्सक को आरोपी के हमले से बचाया। इसके बाद आरोपी ने चिकित्सक के कार्यालय में रखे सरकारी रजिस्टर आदि फाड़ दिए तथा सरकारी बीपी मशीन समेत अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना अखण्डनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हो गई।पुलिस ने मुखबिर की सूचना और निशानदेही के आधार पर आरोपी सचिन गौड़ पुत्र विनोद कुमार, निवासी प्राणनाथपुर बछड़िया, थाना अखण्डनगर को महमूदनगर चौराहे के पास से दोपहर करीब 1:40 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी घटना के करीब छह घंटे के भीतर की गई।आरोपी के कब्जे/निशानदेही से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की सरिया का एक टुकड़ा भी बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सम्पूर्ण कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं