चार घंटे में लापता बालिका सकुशल बरामद, ऑपरेशन मुस्कान के तहत जयसिंहपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सुलतानपुर। गुमशुदा एवं लापता बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत जयसिंहपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुई बालिका को करीब चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और तस्दीक के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, थाना जयसिंहपुर क्षेत्र के ग्राम दलपत सहाय का पुरवा चोरमा निवासी सुनील यादव की पुत्री मानवी यादव 18 अगस्त की शाम करीब सात बजे के बाद घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन बालिका का पता नहीं चल सका।रात्रि करीब 11:40 बजे मामले की सूचना जयसिंहपुर पुलिस को मिली। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और बालिका की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक चारू निगम, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर, थाना प्रभारी जयसिंहपुर तथा थाना प्रभारी मोतिगरपुर मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम के साथ आसपास के क्षेत्रों में सघन खोजबीन शुरू कराई।पुलिस टीम ने गांव के आसपास के रास्तों, गलियारों और संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की। काफी प्रयास के बाद पुलिस को सफलता मिली और बालिका घर से कुछ दूरी पर स्थित एक गलियारे में सकुशल मिल गई।प्रारंभिक पूछताछ में बालिका ने बताया कि उसकी मां द्वारा डांट दिए जाने के बाद वह रोते हुए घर से कुछ दूरी पर स्थित गलियारे में जाकर बैठ गई थी। इसी दौरान उसे वहीं नींद आ गई। उधर, परिजन उसकी तलाश में जुटे थे और पुलिस को भी सूचना दी गई थी।पुलिस टीम ने सूचना मिलने के बाद तत्परता दिखाते हुए करीब चार घंटे के भीतर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक पूछताछ एवं पहचान की पुष्टि के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया।बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समन्वित खोज अभियान की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।


कोई टिप्पणी नहीं