महिलाओं के खाते में आएंगे 50 हजार रुपये? योगी सरकार कर रही योजना पर मंथन
लखनऊ यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार महिला वोटबैंक को साधने के लिए एक बड़ी आर्थिक सहायता योजना लागू करने पर विचार कर रही है। प्रस्तावित योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ ही उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना बताया जा रहा है। सरकार के स्तर पर योजना को लेकर मंथन शुरू होने की चर्चा है।प्रस्तावित योजना के तहत पात्र महिलाओं को कुल 50-50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दिए जाने का विचार है। इसमें विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को 20 हजार रुपये की पहली किस्त उपलब्ध कराने का प्रस्ताव बताया जा रहा है। इसके बाद यदि भाजपा की सरकार दोबारा बनती है तो 10-10 हजार रुपये की तीन और किस्तें दिए जाने की योजना पर विचार किया जा रहा है। इस तरह पात्र महिला को कुल 50 हजार रुपये की सहायता मिल सकेगी।योजना का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना बताया जा रहा है। सहायता राशि का इस्तेमाल छोटे कारोबार, घरेलू उद्योग, स्वरोजगार अथवा आय बढ़ाने वाली गतिविधियों में किए जाने की दिशा में योजना तैयार किए जाने की संभावना है।राजनीतिक रूप से भी इस प्रस्ताव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये दिए जाने से बड़ी संख्या में महिलाओं तक सीधे आर्थिक लाभ पहुंचाने की कोशिश हो सकती है। हालांकि, योजना के अंतिम स्वरूप, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, लाभार्थियों की संख्या और बजट सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।प्रदेश में राजनीतिक माहौल लगातार चुनावी दिशा में बढ़ रहा है। इसी बीच सरकार महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में मजबूत करने के लिए योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों पर विशेष जोर देती दिखाई दे रही है। जेन-जी आंदोलन के बाद सरकार की ओर से विभिन्न वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कवायद के बीच महिलाओं के लिए प्रस्तावित आर्थिक सहायता योजना को भी अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है।फिलहाल योजना अभी विचार और मंथन के स्तर पर बताई जा रही है। सरकार की मंजूरी और आधिकारिक शासनादेश जारी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा, कितनी राशि दी जाएगी और भुगतान की प्रक्रिया क्या होगी।

कोई टिप्पणी नहीं