एमटेक में रविशंकर मिश्रा ने हासिल किया कुलाधिपति स्वर्ण पदक
सुल्तानपुर डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या में आयोजित 31वें दीक्षांत समारोह में सुल्तानपुर के कादीपुर क्षेत्र के होनहार छात्र रविशंकर मिश्रा पुत्र रामजी मिश्रा, निवासी ग्राम मगरसन कलां, करौंदी कलां, कादीपुर ने जिले का नाम रोशन किया। उन्होंने एमटेक (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर कुलाधिपति स्वर्ण पदक अपने नाम किया।विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं उपाधियां प्रदान कर सम्मानित किया। इसी क्रम में रविशंकर मिश्रा को एमटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कुलाधिपति स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।समारोह में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री उच्च शिक्षा योगेंद्र उपाध्याय एवं उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।रविशंकर मिश्रा ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। स्वर्ण पदक मिलने की जानकारी क्षेत्र में पहुंचते ही परिजनों, मित्रों, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने रविशंकर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।स्थानीय लोगों का कहना है कि रविशंकर की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने कठिन परिश्रम के बल पर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर अपने परिवार के साथ-साथ कादीपुर क्षेत्र का भी गौरव बढ़ाया है।

कोई टिप्पणी नहीं