स्वतंत्रता दिवस पर सुलतानपुर पुलिस ने मनाया भव्य समारोह, 30 पुलिसकर्मी पदक एवं प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित
सुलतानपुर देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन में देशभक्ति एवं उत्साह से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने कैम्प कार्यालय एवं पुलिस लाइन में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के बाद पुलिस बल द्वारा सलामी दी गई।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा राष्ट्र की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन रामकृष्ण चतुर्वेदी सहित जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा, शौर्य एवं उल्लेखनीय योगदान करने वाले सुलतानपुर पुलिस के कुल 30 अधिकारी एवं कर्मचारियों को विभिन्न पदक, प्रशंसा चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
भारत सरकार, गृह मंत्रालय द्वारा सेवा अभिलेख के आधार पर जनपद में नियुक्त 11 पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को “अति उत्कृष्ट सेवा पदक” तथा 06 पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को “उत्कृष्ट सेवा पदक” प्रदान किया गया। इस प्रकार कुल 17 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भारत सरकार के पदकों से सम्मानित हुए।इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा सेवा अभिलेख एवं शौर्य के आधार पर जनपद के 04 पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को प्रशंसा चिन्ह एवं प्रशस्ति प्रदान की गई। इनमें एक पुलिसकर्मी को “सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह”, दो पुलिसकर्मियों को सेवा अभिलेख के आधार पर “रजत प्रशंसा चिन्ह” तथा एक पुलिसकर्मी को शौर्य के आधार पर “रजत प्रशंसा चिन्ह” प्रदान किया गया।
यूपी-112 मुख्यालय, उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा उत्कृष्ट कार्य एवं प्रभावी रिस्पॉन्स देने वाले पीआरवी कर्मियों एवं प्रभारियों को भी सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद से संबंधित 09 पीआरवी कर्मियों/प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने सभी सम्मानित अधिकारी एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में प्राप्त पदक एवं सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं हैं, बल्कि यह कर्तव्य के प्रति समर्पण, ईमानदारी, अनुशासन, उत्कृष्ट कार्य एवं राष्ट्रसेवा की भावना का सम्मान है। सम्मानित पुलिसकर्मियों की कार्यशैली एवं कर्तव्यनिष्ठा जनपद के अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है।पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों का आह्वान किया कि कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही पुलिस की गरिमा एवं आमजन के विश्वास को निरंतर मजबूत करने के लिए कार्य करने का संदेश दिया।समारोह के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।




कोई टिप्पणी नहीं