सुल्तानपुर मुठभेड़ में दो नशा तस्कर घायल, पांच गिरफ्तार
सुल्तानपुर अखंडनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और मादक पदार्थ तस्करी करने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो शातिर अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 किलो 800 ग्राम अवैध मादक पदार्थ, जिसे आरोपियों ने मॉर्फिन बताया है, दो तमंचे, खोखा व जिंदा कारतूस तथा बलेनो और वरना कार बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है।क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय कुमार के अनुसार, 14 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला एक गैंग किसी स्थान पर माल की डिलीवरी के लिए जाने वाला है।
सूचना के आधार पर अखंडनगर पुलिस ने सहजनपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू कर दी।बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे दो कारें, बलेनो और वरना, वहां पहुंचीं। पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो अभियुक्त खुर्शीद आलम निवासी जैतपुर, जनपद बलरामपुर और प्रशांत सिंह निवासी थाना बल्दीराय, गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के कब्जे से तमंचे, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। घायल दोनों अभियुक्तों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने इनके तीन अन्य साथियों रोहित तिवारी, अंकुर प्रजापति और रामबाबू को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर करीब 1.8 किलोग्राम अवैध मादक पाउडर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने इसे मॉर्फिन बताया।पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे मादक पदार्थ को ओडिशा से तस्करी कर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अलग-अलग रास्तों से पहुंचाकर डिलीवरी करते थे। शुक्रवार को भी गिरोह इसी उद्देश्य से निकला था। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय कुमार ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब पांच करोड़ रुपये आंकी जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।



कोई टिप्पणी नहीं