ब्रेकिंग न्यूज

सुल्तानपुर 28वीं अन्तर्जनपदीय लखनऊ जोन एथलेटिक क्लस्टर प्रतियोगिता का भव्य समापन


सुलतानपुर रिजर्व पुलिस लाइन  में चल रही 28वीं अन्तर्जनपदीय लखनऊ जोन एथलेटिक क्लस्टर (महिला/पुरुष), एथलेटिक एवं साइकिलिंग प्रतियोगिता-2026 का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में लखनऊ जोन के विभिन्न जनपदों से पहुंचे महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों ने विभिन्न एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश सुनील कुमार चतुर्थ रहे। प्रतियोगिता की आयोजन सचिव एवं पुलिस अधीक्षक  चारू निगम रहीं। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह समेत पुलिस विभाग के अधिकारी, विभिन्न जनपदों से आए प्रतिभागी खिलाड़ी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि और पुलिस अधिकारियों ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुनील कुमार चतुर्थ ने कहा कि पुलिस बल में शारीरिक दक्षता का विशेष महत्व है। खेल प्रतियोगिताओं से पुलिसकर्मियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना मजबूत होती है। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ खेलों में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों, टीम प्रभारियों तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


प्रतियोगिता के परिणामों में एथलेटिक्स पुरुष वर्ग की टीम चल बैजयन्ती पर लखनऊ ने कब्जा किया, जबकि सुलतानपुर उपविजेता रहा। एथलेटिक्स महिला वर्ग में सुलतानपुर विजेता तथा लखनऊ उपविजेता रहा। वहीं साइकिलिंग पुरुष वर्ग की टीम चल बैजयन्ती भी सुलतानपुर के नाम रही।प्रतियोगिता के सफल आयोजन और समापन पर सुलतानपुर पुलिस ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कोई टिप्पणी नहीं