ब्रेकिंग न्यूज

अयोध्या साइबर क्राइम थाने के दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी रिश्वत लेते गिरफ्तार


अयोध्या साइबर क्राइम थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को राजस्थान की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने सीकर में 2.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पुलिसकर्मी एक मामले में कार्रवाई नहीं करने और आरोपी का नाम मुकदमे से हटाने के एवज में रिश्वत की रकम लेने पहुंचे थे। कार्रवाई के बाद एसएसपी अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर ने चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

राजस्थान एसीबी के अनुसार, एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई के खिलाफ वर्ष 2024 में अयोध्या के साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसके भाई का नाम मुकदमे से हटाने के बदले साइबर क्राइम थाने में तैनात पुलिसकर्मी उससे 2.80 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं।शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद आरोपियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने पुलिसकर्मियों से संपर्क किया और रिश्वत की रकम देने के लिए सीकर में मुलाकात तय हुई।बताया गया कि जैसे ही पुलिसकर्मियों ने 2.80 लाख रुपये की रिश्वत की रकम ली, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सब-इंस्पेक्टर यशवंत सिंह तथा सिपाही गौरव, सोहनलाल और पवन त्रिपाठी के रूप में हुई है।कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने एसीबी टीम की पकड़ से बचने का भी प्रयास किया। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने मौके से भागने की कोशिश में एंटी करप्शन ब्यूरो की गाड़ी में टक्कर मार दी। हालांकि एसीबी टीम ने पीछा कर चारों को पकड़ लिया।मामला सामने आने के बाद अयोध्या पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। राजस्थान एसीबी की कार्रवाई के बाद अब विभागीय स्तर पर भी आरोपों की जांच की जा रही है।एसीबी की इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल राजस्थान एसीबी की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं