ब्रेकिंग न्यूज

मोतिगरपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो घायल समेत तीन गिरफ्तार


सुलतानपुर मोतिगरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। रामपुर बिरतिहां नहर मार्ग पर चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों से आ रहे बदमाशों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली निरीक्षक अपराध चन्द्रभान वर्मा के बाएं हाथ को छूती हुई निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अन्य बदमाश को गिरने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहा।पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर के मार्गदर्शन में अपराधियों की धरपकड़ एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 29 अगस्त की देर रात मोतिगरपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध अपराधी रामपुर बिरतिहां मार्ग की ओर से आ रहे हैं।सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रामपुर बिरतिहां नहर मार्ग पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद सामने से दो मोटरसाइकिल आती दिखाई दीं। पुलिसकर्मियों ने मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि रुकने के बजाय बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।फायरिंग के दौरान बदमाशों की एक गोली निरीक्षक अपराध चन्द्रभान वर्मा के बाएं हाथ को छूती हुई निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इसमें शिवम सिंह और रतन निषाद के पैर में गोली लगी। वहीं, भागने की कोशिश में गिरने से सत्यम गौतम को हल्की चोटें आईं। पुलिस ने तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य बदमाश फरार हो गया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध असलहे बरामद किए हैं। शिवम सिंह के पास से .32 बोर की अवैध पिस्टल, चैम्बर में एक जिंदा कारतूस, मैगजीन में दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा उसके पास से रियलमी और पोको कंपनी के दो मोबाइल फोन मिले।रतन निषाद के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ। तमंचे की बैरल में एक खोखा कारतूस फंसा मिला, जबकि दो जिंदा कारतूस, 530 रुपये नकद और एक वीवो मोबाइल भी बरामद किया गया। सत्यम गौतम के पास से एक रियलमी नार्जो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त TVS Apache मोटरसाइकिल बरामद की गई।पुलिस के मुताबिक 28 अगस्त को मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढेमा में हुई घटना के संबंध में वादी की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 176/2026, धारा 109 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था। मामले में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पूर्व से चली आ रही आपसी रंजिश के कारण घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी फरार चल रहे थे।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शिवम सिंह उर्फ विकास सिंह उर्फ निखिल सिंह के खिलाफ मोतिगरपुर थाने में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और हत्या के प्रयास समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2023 और 2024 के तीन पुराने मुकदमों के अलावा वर्ष 2026 का मुकदमा भी दर्ज है।रतन निषाद के खिलाफ दोस्तपुर, कादीपुर और मोतिगरपुर थानों में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ आयुध अधिनियम से संबंधित मामला भी दर्ज रहा है।सत्यम गौतम के खिलाफ भी मोतिगरपुर थाने में पूर्व में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ वर्तमान मामले में मुकदमा अपराध संख्या 0178/2026, धारा 109 बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।


कोई टिप्पणी नहीं