ब्रेकिंग न्यूज

मेले और मंदिरों में रेकी कर चुराते थे बाइक, चार चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ एक गिरफ्तार


सुलतानपुर थाना चांदा पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने के साथ ही एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है।

बरामद मोटरसाइकिलें सुलतानपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा प्रतापगढ़ जनपद से चोरी की गई थीं।पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक  विनीत जायसवाल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी लम्भुआ के पर्यवेक्षण में थाना चांदा पुलिस टीम 29 अगस्त को संदिग्धों और अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अल्लन ईंट भट्ठा, ग्राम मदारडीह के पास घेराबंदी कर एक अभियुक्त को पकड़ लिया। मौके से एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नीरज सरोज पुत्र प्रेमचन्द्र निवासी फुटेला, थाना चांदा, के रूप में हुई। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों में एक पल्सर, एक हीरो स्पेलेंडर और दो हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिलें शामिल हैं।पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्तों द्वारा मेले और त्योहारों के दौरान मंदिरों के आसपास खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी की जाती थी। मौका मिलने पर मोटरसाइकिलों का लॉक तोड़कर उन्हें चोरी कर लिया जाता था और मौके से फरार हो जाते थे। पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में अन्य घटनाओं और आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।पुलिस के मुताबिक बरामद चारों मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटाने पर इनके थाना लम्भुआ, थाना मोतिगरपुर, थाना कोतवाली देहात तथा जनपद प्रतापगढ़ से चोरी किए जाने की जानकारी मिली है। बरामदगी के आधार पर थाना चांदा में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त और बाल अपचारी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को न्यायालय  के समक्ष प्रस्तुत किया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नीरज सरोज के खिलाफ थाना चांदा, मोतिगरपुर और कोतवाली देहात में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं। वहीं बाल अपचारी के खिलाफ भी थाना चांदा, मोतिगरपुर और कोतवाली देहात में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

कोई टिप्पणी नहीं