ब्रेकिंग न्यूज

कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका,5 लोगों की मौत


कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद इलाके में धुएं का गुबार छा गया और पटाखों के लगातार फटने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की सूचना है। प्रशासन की ओर से अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है।

जबकि घायलों की संख्या बढ़ सकती है।बताया जा रहा है कि विस्फोट की चपेट में आसपास के कई मकान भी आ गए। कुछ मकान ढह गए और मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका है। ग्रामीणों ने झुलसे लोगों को चारपाई पर लादकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।गंभीर रूप से घायल लोगों को प्रयागराज के मेडिकल कॉलेज स्थित स्वरूप रानी अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। अब तक छह घायलों को ट्रामा सेंटर लाए जाने की जानकारी है। इनमें 13 वर्षीय प्रवीण और पांच वर्षीय प्राजंली की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों भाई-बहन बताए जा रहे हैं। उनकी मां 35 वर्षीय सविता गंभीर रूप से घायल हैं।इसके अलावा 17 वर्षीय तन्नू उर्फ उर्वशी, 38 वर्षीय अनीता और 35 वर्षीय राजेश का उपचार चल रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में घायलों का इलाज किया जा रहा है।हादसे के बाद आसपास के कुछ मकान भी क्षतिग्रस्त होकर ढह गए। मौके पर मौजूद एक महिला ने रोते हुए बताया कि उसकी बेटी-दामाद और नाती-नातिन घर के मलबे में दब गए हैं। इसके बाद बचाव दल ने मलबा हटाकर लोगों की तलाश तेज कर दी है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि करीब दो किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में रखे पटाखों के चलते लगातार छोटे-बड़े धमाके होते रहे। चारों तरफ धुआं फैल गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।कौशांबी के जिलाधिकारी  ने हादसे में 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है। जिलाधिकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 10:40 बजे पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। करीब छह से आठ एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंचीं।पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। डीएम और एसपी के अलावा आईजी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं। डीएम के अनुसार विस्फोट से आसपास के तीन घर प्रभावित हुए हैं। वहीं अन्य मकानों के भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आ रही है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी में हुए हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने घटना में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।फिलहाल घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मलबे में दबे लोगों की तलाश के साथ ही प्रशासन हादसे में हुए जान-माल के नुकसान का आकलन कर रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं