ब्रेकिंग न्यूज

यूपी में अगले दो दिन जोरदार बारिश के आसार


लखनऊ यूपी में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। पूर्वांचल और तराई समेत प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से प्रदेश में सक्रिय मानसून और मजबूत होगा। इसके प्रभाव से 6 से 8 सितंबर के बीच कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 23 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं शामिल हैं। इन जिलों के आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार नए सक्रिय हो रहे मौसम तंत्र के आगे बढ़ने के कारण अगले दो दिनों तक उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश हो सकती है। बारिश के साथ कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं का भी असर देखने को मिल सकता है।शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली से सटे जिलों में मौसम बदला रहा। कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट के साथ मौसम सुहाना हुआ।मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। वहीं मंगलवार से निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आ सकती है।बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट वाले जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं