ब्रेकिंग न्यूज

यूपी - ग्रामीण युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की पहल


लखनऊ जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पंचायती राज विभाग ने प्रदेश की ग्राम पंचायतों में स्थापित की जा रही 11,350 डिजिटल लाइब्रेरियों के लिए कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की आपूर्ति का शुभारम्भ लखनऊ से किया । पहले चरण में चयनित जनपदों एवं विकास खण्डों के लिए उपकरणों से लदे वाहनों को रवाना किया गया।आपूर्ति के प्रथम चरण में जनपद अम्बेडकर नगर के भीटी विकास खण्ड, आजमगढ़ के तरवां एवं मिर्जापुर विकास खण्ड, बरेली के मझगवां विकास खण्ड, गाजियाबाद के समस्त विकास खण्ड, गोरखपुर के बांसगांव एवं बड़हलगंज विकास खण्ड, लखनऊ एवं महाराजगंज के समस्त विकास खण्ड, मऊ के दोहरीघाट विकास खण्ड, मेरठ के दौराला विकास खण्ड तथा वाराणसी के आराजी लाइन विकास खण्ड की डिजिटल लाइब्रेरियों के लिए उपकरण रवाना किए गए हैं।पंचायती राज विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि प्रत्येक डिजिटल लाइब्रेरी में दो डेस्कटॉप कंप्यूटर, एक प्रिंटर, एक वेबकैम, एक एलईडी टेलीविजन तथा वाई-फाई एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए नेटवर्किंग स्विच की व्यवस्था की जा रही है। उपकरणों की आपूर्ति के साथ ही संबंधित डिजिटल लाइब्रेरियों में उनकी स्थापना एवं संचालन की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी।उल्लेखनीय है कि डिजिटल लाइब्रेरियों में फर्नीचर एवं पुस्तकों की व्यवस्था पहले ही की जा चुकी है। कंप्यूटर तथा अन्य डिजिटल उपकरणों की स्थापना के पश्चात ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को अध्ययन सामग्री, डिजिटल शिक्षण संसाधनों तथा ऑनलाइन सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर प्राप्त हो सकेगा।विभाग के अनुसार प्रदेश की सभी चयनित डिजिटल लाइब्रेरियों में कंप्यूटर एवं संबंधित उपकरणों की आपूर्ति तथा स्थापना का कार्य सितम्बर माह के अंत तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ ही युवाओं को आधुनिक तकनीक एवं ज्ञान के संसाधनों से जोड़ने में सहायता मिलेगी।

कोई टिप्पणी नहीं