ब्रेकिंग न्यूज

त्योहारों से पहले दुरुस्त होंगी सड़कें, सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण खराब हुए नए मार्गों का भी सर्वे कराया जाए और जिन सड़कों की स्थिति खराब है, उन्हें फिलहाल मोटरेबल बनाया जाए। बरसात समाप्त होने के बाद आवश्यकता के अनुसार इन सड़कों का स्थायी नवीनीकरण कराया जाए। सीएम योगी ने कहा कि आगामी पर्व एवं त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होगा। ऐसे में प्रमुख मार्गों पर आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व एवं त्योहारों से पहले आवश्यक मरम्मत और नवीनीकरण के सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए जाएं। सीएम योगी ने कहा कि शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, मुख्य बाजारों, सरकारी कार्यालयों तथा अन्य ऐसे स्थानों के आसपास की सड़कों को प्राथमिकता पर लिया जाए, जहां आमजन का आवागमन अधिक रहता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन मार्गों पर तत्काल काम शुरू कराया जाए। जहां सड़क की मरम्मत आवश्यक है, वहां बिना किसी देरी के उसे आवागमन योग्य बनाया जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण करते हुए कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों से उनकी कार्ययोजना की जानकारी ली। इसके साथ ही मंडी परिषद, पंचायती राज, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास, आवास एवं शहरी नियोजन तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की कार्ययोजनाओं की भी समीक्षा की। सीएम योगी ने कहा कि सड़क और आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों में कई विभागों की भूमिका होती है। इसलिए सभी संबंधित विभाग बेहतर समन्वय के साथ काम करें, ताकि जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बारिश और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर स्थानीय स्तर पर स्थिति का लगातार आकलन किया जाए और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। त्योहारों के मद्देनजर प्रमुख मार्गों को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना के साथ काम करने को कहा गया।

कोई टिप्पणी नहीं