चीनी मिल के मरम्मत कार्यों का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में प्रबन्ध कमेटी की बैठक चीनी मिल के प्रशासनिक भवन में आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने आगामी पेराई सत्र 2026-27 को दृष्टिगत रखते हुए चीनी मिल के रिपेयर एवं मेन्टीनेन्स कार्यों सहित मिल के संचालन से सम्बन्धित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में चीनी मिल को पुनः संचालित कराये जाने के प्रयासों, गत वित्तीय वर्ष एवं वर्तमान वित्तीय वर्ष से सम्बन्धित आय-व्यय एवं लेखा विवरण प्रस्तुत किये जाने तथा आवश्यक कार्यवाही के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया । पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिलाधिकारी ने चीनी मिल परिसर में चल रहे रिपेयर एवं मेन्टीनेन्स कार्यों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने मिल के विभिन्न खण्डों, पावर हाउस, बॉयलिंग हाउस, टरबाइन एवं मिल हाउस का स्थलीय निरीक्षण कर सम्बन्धित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने रिपेयर एवं मेन्टीनेन्स के अवशेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिये, ताकि आगामी पेराई सत्र के संचालन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।तत्पश्चात जिलाधिकारी ने प्रशासनिक भवन पहुंचे, जहां संचालक मण्डल के सदस्यों एवं मिल अधिकारियों की उपस्थिति में प्रबन्ध कमेटी की बैठक में विभिन्न बिन्दुओं की क्रमवार समीक्षा की । बैठक में विगत प्रबन्ध कमेटी की बैठक में हुई कार्यवाही की पुष्टि की गयी। साथ ही चीनी मिल को पुनः संचालित कराने के लिए आवश्यक तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये ।बैठक में मिल परिसर में सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा अनाधिकृत रूप से उपयोग किये जा रहे आवासों को नियमानुसार खाली कराने, चीनी मिल कैम्पस की जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, मिल गन्ना फार्म एवं यार्ड की बाउण्ड्रीवाल के सम्बन्ध में भी विचार-विमर्श किया । जिलाधिकारी ने मिल की परिसम्पत्तियों एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने तथा आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने पर जोर दिया। बैठक में किसी नवीन प्रस्ताव पर निर्णय/पारित प्रस्ताव नहीं किया गया। आवश्यक बिन्दुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श के उपरान्त सम्बन्धित अभिलेख एवं विवरण प्रस्तुत किये जाने तथा आगामी बैठक आयोजित कर शेष बिन्दुओं पर नियमानुसार कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये। बैठक के अन्त में मिल के प्रधान प्रबन्धक विनीत उपाध्याय ने उपस्थित अतिथियों एवं संचालक मण्डल के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर, बैठक की उपसभापति , जिला गन्ना अधिकारी सहित संचालक मण्डल के सदस्यगण एवं चीनी मिल के सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं