ब्रेकिंग न्यूज

गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर एसपी ने देर रात घाटों का लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था परखी


सुलतानपुर गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर  विनीत जायसवाल ने देर रात अपर पुलिस अधीक्षक  बृजनारायण सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर एवं एसडीएम सदर के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के शाहगंज चौकी क्षेत्र एवं सीताकुण्ड घाट का भ्रमण किया।

इस दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया। एसपी ने संबंधित अधिकारियों से विसर्जन को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ही भीड़ और आवागमन व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए।भारी वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए एसपी ने मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं एवं आम लोगों को आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से सुरक्षित तरीके से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने की अपील की।उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। घाट पर भीड़ को नियंत्रित रखने, लगातार निगरानी करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।सीताकुण्ड घाट के निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस बल की तैनाती, श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन के दौरान घाट पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। एसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश देते हुए कहा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।जनपद पुलिस द्वारा गणेश प्रतिमा विसर्जन को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ लगातार निगरानी एवं सतर्कता बरती जा रही है।


कोई टिप्पणी नहीं