ब्रेकिंग न्यूज

विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविर, छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रति किया जागरूक


सुल्तानपुर गांधी जयंती के अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में न्यायिक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को बाल संरक्षण, पॉक्सो एक्ट, सुरक्षित व्यवहार और कानूनी अधिकारों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर परिवार और शिक्षकों से बात करने तथा जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन की मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।

नगर के सीताकुंड स्थित राधा रानी कुंवर कृष्ण बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में न्यायाधीश एवं जुडिशियल मजिस्ट्रेट  ऋतिका श्रीवास्तव ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की गलत हरकत होने पर उसे छिपाने के बजाय तत्काल अपने माता-पिता, परिजनों अथवा शिक्षकों को इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अनजान व्यक्ति के साथ किसी अनजान स्थान पर जाने से बचने और हर परिस्थिति में परिवार को विश्वास में रखने की सलाह दी।

उन्होंने बताया कि आपात स्थिति में 112 पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए इसे याद रखने की अपील की गई। बताया गया कि यह नंबर बच्चों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए है।न्यायिक अधिकारी ने छात्राओं को नाबालिगों से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति भी सचेत किया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की के घर से जाने की स्थिति में उसे ले जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कानून के तहत कार्रवाई हो सकती है, भले ही लड़की अपनी इच्छा से गई हो। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई पर ध्यान देने और 18 वर्ष की आयु तक महत्वपूर्ण निर्णयों में परिवार को विश्वास में रखने की अपील की।कुड़वार के धर्मा देवी बद्री प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर में न्यायिक अधिकारी विभांशु सुधीर और प्रियंका दिवाकर ने विद्यार्थियों को विधिक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को कानून के प्रति जागरूक रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में जिम्मेदार लोगों से तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अजय कुमार यादव, श्याम करन, अरविंद कुमार और इबाबुद्दीन आदि मौजूद रहे।वहीं नरायनपुर स्थित कॉन्वेंट स्कूल में सीजेएम नवनीत सिंह और अपर सिविल जज सुधीर कुमार ने विद्यार्थियों को विधिक प्रावधानों की जानकारी दी। पीएलवी सुनीता की ओर से पॉक्सो एक्ट से संबंधित जागरूकता भरे पंपलेट भी वितरित किए गए, ताकि विद्यार्थी कानून और अपने अधिकारों को बेहतर ढंग से समझ सकें।बीपी इंटर कॉलेज, कुड़वार में आयोजित विधिक जागरूकता कार्यक्रम में अपर सिविल जज तूबा फातिमा, न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय गौरीगंज रविकांत यादव, तारा सिंह और पीएलवी सुनील कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बाल संरक्षण और विधिक अधिकारों के संबंध में जागरूक किया।इन कार्यक्रमों के माध्यम से न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी असहज या संदिग्ध परिस्थिति को नजरअंदाज न करें और तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित हेल्पलाइन से सहायता लें। शिविरों का उद्देश्य बच्चों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें सुरक्षित वातावरण के प्रति सजग करना इसी क्रम में नगर के सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में भी विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसीजेएम मयूरेश श्रीवास्तव, सिविल जज (प्र.ख.) भव्या श्रीवास्तव तथा पीएलवी संध्या कुमारी ने छात्र-छात्राओं को कानूनी अधिकारों और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

कोई टिप्पणी नहीं