ब्रेकिंग न्यूज

सीएम से मिलने आई महिला मोबाइल टावर पर चढ़ी, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा


लखनऊ के हजरतगंज स्थित पार्क रोड पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आगरा से आई एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई और ऊपर बने स्टील प्लेटफॉर्म पर बैठकर जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगी। महिला को टावर पर चढ़ा देख राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची हजरतगंज पुलिस और फायर विभाग की टीम ने काफी देर तक समझाइश और मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।घटना के दौरान महिला के साथ आया उसका 12 वर्षीय बेटा टावर के नीचे खड़ा होकर पूरी घटना देखता रहा। महिला लगातार अपनी शिकायत सुनने और न्याय दिलाने की मांग करती रही।सहायक पुलिस आयुक्त  ने बताया कि महिला की पहचान तुलसा, निवासी आगरा कैंट क्षेत्र के रूप में हुई है। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराना चाहती थी। पुलिस ने महिला से बातचीत कर उसके परिजनों और आगरा पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद परिजन उसे अपने साथ आगरा ले गए।महिला तुलसा का आरोप है कि 26 जुलाई को वह अपने बेटे के साथ आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर बैठी थी। इसी दौरान उसने अपने 12 वर्षीय बेटे को कुछ सामान खरीदने भेजा। आरोप है कि स्टेशन पर मौजूद चार पुलिसकर्मियों ने उसके बेटे पर बैग चोरी का आरोप लगाकर उसे पकड़ लिया।महिला का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उसे भी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। उसने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसे और उसके बेटे को काफी देर तक बंधक बनाकर रखा, मारपीट की और जबरन पेशाब पिलाने की भी कोशिश की। महिला का यह भी आरोप है कि तलाशी में कुछ नहीं मिलने पर पुलिसकर्मियों ने उसके दो हजार रुपये छीन लिए और उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया।महिला का कहना है कि वह इन आरोपों की शिकायत लेकर आगरा से लखनऊ मुख्यमंत्री से मिलने आई थी। लेकिन जब उसकी बात नहीं सुनी गई और उसे समाधान नहीं मिला तो उसने विरोध स्वरूप मोबाइल टावर पर चढ़ने का फैसला किया।हजरतगंज पुलिस का कहना है कि महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। उसके द्वारा लगाए गए आरोपों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी और मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं