बीए छात्रा ने नहर में लगाई छलांग ,एसडीआरएफ ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
सुल्तानपुर जिले में एक बीए छात्रा ने शारदा नहर में छलांग लगा दी। घटना शनिवार रात की है, जिसके बाद से छात्रा लापता है। लगभग 12 घंटे बीत जाने के बाद भी उसका पता नहीं चल सका है। स्थानीय गोताखोरों के असफल रहने के बाद अब एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
यह घटना कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के बनके गांव अजीतपुर की है।गांव अजीतपुर निवासी राजेश वर्मा की 19 वर्षीय पुत्री शालू वर्मा पं. राम चरित्र डिग्री कॉलेज में बीए की छात्रा है। शनिवार रात करीब 8 बजे उसने नहर में छलांग लगाई। जब शालू काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों से उन्हें पता चला कि छात्रा ने नहर में कूद लगाई है, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।पुलिस रविवार सुबह मौके पर पहुंची और पहले स्थानीय गोताखोरों की मदद से छात्रा की तलाश कराई। हालांकि, सफलता न मिलने पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू कर दिया है। शालू राजेश वर्मा के तीन बच्चों में से एक है। कादीपुर के सीओ विनय गौतम ने बताया कि ग्राम अजीतपुर पुरवा में कुमारी शालू पुत्री राजेश कुमार वर्मा (19 वर्ष) करीब 8:00 बजे शारदा नहर में कूद गई हैं। उनकी तलाश स्थानीय गोताखोरों और पुलिस द्वारा की जा रही है। तलाश अभियान जारी है और एक फ्लड यूनिट भी बुलाई जा रही है ताकि खोजबीन को और तेज किया जा सके। मामले में विधिक कार्यवाही की जा रही है।


कोई टिप्पणी नहीं