ऑपरेशन मजनू के तहत कुड़वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छात्राओं से अश्लील हरकत करने वाला युवक गिरफ्तार
सुलतानपुर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन मजनू' अभियान के तहत कुड़वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्राओं से अश्लील हरकत करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर के मार्गदर्शन में, अपर पुलिस महानिदेशक महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार महिला विद्यालयों एवं कॉलेजों के आसपास चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में सोमवार 28 जुलाई को थाना कुड़वार पुलिस क्षेत्र में भ्रमण एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रंकेडीह स्थित रजा इंटर कॉलेज के पास एक युवक छात्राओं और आने-जाने वाली लड़कियों के साथ अश्लील इशारे एवं अभद्र हरकतें कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार युवक की पहचान नौशाद अहमद पुत्र सिरताज अहमद, निवासी ग्राम असरोगा, थाना कुड़वार उम्र लगभग 24 वर्ष के रूप में हुई है।इस मामले में थाना कुड़वार पर मु0अ0सं0 0215/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन मजनू अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। स्कूल, कॉलेज एवं सार्वजनिक स्थानों के आसपास मनचलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि छात्राओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं