अलीगंज अग्निकांड: 15 मौतों की जिम्मेदार अवैध इमारत पर चला बुलडोजर, LDA की बड़ी कार्रवाई शुरू
कार्रवाई के दौरान एलडीए के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में तीन बुलडोजर और एक हाईड्रोलिक मशीन की मदद से इमारत को तोड़ने का काम शुरू किया गया। प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मौके पर LDA के करीब 45 अधिकारी और 100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।बताया जा रहा है कि जिस इमारत को ध्वस्त किया जा रहा है, उसी में हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे के बाद हुई जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पता चला कि भवन का नक्शा आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत कराया गया था, जबकि उसमें व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इसके अलावा भवन में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण भी पाया गया।इन्हीं अनियमितताओं को आधार बनाते हुए LDA ने भवन स्वामी को 15 दिन का नोटिस जारी कर स्वयं अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी भवन नहीं हटाया गया, जिसके चलते प्राधिकरण ने स्वयं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।कार्रवाई शुरू होने से पहले पुलिस प्रशासन ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। आसपास के मार्गों पर लोगों और वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, ताकि ध्वस्तीकरण के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। अधिकारियों के अनुसार इमारत को पूरी तरह गिराने में पूरे दिन का समय लग सकता है।LDA अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भवन निर्माण नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


कोई टिप्पणी नहीं