ब्रेकिंग न्यूज

यूपी -दिसंबर तक 62 हजार युवाओं को मिल सकती है नौकरी, शिक्षा विभाग में सबसे अधिक अवसर


लखनऊ यूपी में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) वर्ष 2026 के दौरान बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी में हैं। दिसंबर 2026 तक करीब 62 हजार पदों पर नियुक्तियां होने की संभावना है, जबकि चुनावी वर्ष को देखते हुए दोनों आयोगों का लक्ष्य अप्रैल से दिसंबर 2026 के बीच लगभग एक लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करना है।शिक्षा सेवा चयन आयोग ने भर्ती अभियान की शुरुआत करते हुए एडेड महाविद्यालयों में 111 प्राचार्य पदों का विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके अलावा 2107 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों का विज्ञापन जुलाई के अंतिम सप्ताह में जारी होने की संभावना है।आयोग के पास एडेड माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य के 2643 पदों का अधियाचन पहले ही अपलोड हो चुका है। वहीं टीजीटी, पीजीटी और संबद्ध प्राइमरी विद्यालयों के 21,252 पदों का अधियाचन भी उपलब्ध है, जिन पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।हाल ही में शिक्षा चयन आयोग ने टीजीटी के 3539 और पीजीटी के 624 पदों पर भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की है।दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) भी तेजी से नियुक्तियां कर रहा है। आयोग ने प्रवक्ता के 1518 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालयों में 1253 सहायक आचार्य तथा एलटी ग्रेड के 7466 सहायक अध्यापक पदों पर भी चयन किया जा चुका है।अब राजकीय इंटर कॉलेजों (जीआईसी) के 8905 पदों का अधियाचन भी आयोग को भेजा जा चुका है, जिन पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि नगर क्षेत्र के 11 हजार शिक्षकों की भर्ती का अधियाचन आयोग को ऑफलाइन भेज दिया गया है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 35 हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए भी अधियाचन तैयार किया जा रहा है।इसके अलावा दो हजार अनुदेशक पदों पर भी भर्ती की जाएगी। वहीं अल्पसंख्यक महाविद्यालयों में लगभग 150 और माध्यमिक अल्पसंख्यक विद्यालयों में करीब 300 पदों का अधियाचन सितंबर-अक्टूबर तक भेजे जाने की संभावना है।उधर, शिक्षा निदेशालय प्रयागराज के लिए 131 कनिष्ठ लिपिक और 25 आशुलिपिक पदों की भर्ती प्रक्रिया भी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।सरकार की इस व्यापक भर्ती योजना से प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है। यदि सभी प्रस्तावित अधियाचन समय पर जारी होते हैं, तो वर्ष 2026 उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों के लिहाज से सबसे बड़े भर्ती वर्षों में शामिल हो सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं