मेरठ प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने रची खौफनाक साजिश: नींद की गोलियां देकर पति को सांप से कटवाया
मेरठ जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की ऐसी साजिश रची, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। आरोप है कि पत्नी ने पहले पति के खाने में नींद की गोलियों का ओवरडोज मिला दिया और जब वह गहरी नींद में सो गया तो प्रेमी की मदद से उसकी चादर में जहरीला सांप छोड़ दिया। सांप के डंसने से पति की मौत हो गई। दोनों की योजना इसे प्राकृतिक मौत साबित कर 20 लाख रुपये की जीवन बीमा राशि हासिल करने की थी।मृतक की पहचान अतुल के रूप में हुई है। उसकी पत्नी दामिनी के साथ करीब सात वर्ष पहले प्रेम विवाह हुआ था। दोनों मिलकर कृष्ण किड्स स्कूल नाम से एक प्ले स्कूल चलाते थे। इसी स्कूल में ड्राइवर के रूप में काम करने वाले तुषार से दामिनी की नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।पुलिस के अनुसार, अवैध संबंधों और बीमा की रकम हासिल करने की लालच में दामिनी और तुषार ने अतुल की हत्या की योजना बनाई। तुषार ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए दो सपेरों से संपर्क किया और जहरीले सांप का इंतजाम किया। वहीं दामिनी ने पति के भोजन में नींद की गोलियां मिला दीं। रात में जब अतुल बेहोशी की हालत में सो रहा था, तब उसकी चादर में सांप छोड़ दिया गया, जिसने उसे डंस लिया और उसकी मौत हो गई।हालांकि, मौत के तरीके और परिस्थितियों ने पुलिस को शुरुआत से ही संदेह में डाल दिया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दामिनी और तुषार के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और चैट खंगाली। जांच में दोनों के बीच लगातार लंबी बातचीत के प्रमाण मिले। तुषार के मोबाइल में एक डिब्बे में रखे सांप की तस्वीर भी बरामद हुई, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली। पुलिस ने दामिनी और तुषार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में इस्तेमाल किए गए सांप की व्यवस्था करने वाले सपेरों की तलाश जारी है।पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। यह घटना एक बार फिर रिश्तों में विश्वासघात और लालच की भयावह तस्वीर सामने लाती है।

कोई टिप्पणी नहीं