सुल्तानपुर साड़ी के फंदे से पंखे पर लटककर युवक ने की आत्महत्या, डेढ़ वर्ष पहले हुई थी शादी
सुलतानपुर जनपद के थाना बंधुआ कला क्षेत्र के ग्राम सभा मनियारी गोठवा (अलीगंज) में शुक्रवार देर रात एक 27 वर्षीय युवक ने घर के कमरे में पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी शनिवार सुबह परिजनों को हुई, जिसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, अजय कुमार कोरी (27) पुत्र शिव कुमार कोरी निवासी ग्राम सभा मनियारी गोठवा, थाना बंधुआ कला, मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार रात उसने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।बताया जाता है कि अजय की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले तारा देवी से हुई थी। वह दो भाइयों में बड़ा था, जबकि उसका छोटा भाई मुंबई में मजदूरी करता है। घटना के बाद पिता शिव कुमार, माता आशा देवी, पत्नी तारा देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर प्राप्त होने के बाद तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


कोई टिप्पणी नहीं