सुलतानपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: अपाचे बाइक से लूटपाट करने वाले हथियारबंद गैंग के तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार
सुलतानपुर जनपद में लगातार हो रही चेन और मोबाइल लूट की घटनाओं का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए अपाचे मोटरसाइकिल से वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्जनपदीय हथियारबंद गैंग के तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई दो सोने की चेन, एक सोने का लॉकेट, एक वीवो मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल (UP44 BX 8670) बरामद की है।यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र सोमेन बर्मा के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार 24 जून 2026 को थाना लम्भुआ क्षेत्र के ग्राम सोनवरसा के पास मोटरसाइकिल सवार दंपति को तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनकी सोने की चेन, पर्स और वीवो मोबाइल फोन लूट लिया था। इस संबंध में थाना लम्भुआ में मुकदमा संख्या 224/26 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध दर्ज किया गया था।घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सोमवार 13 जुलाई को विवेचना के दौरान पिलखिनी तिराहा स्थित चरकहवा पुलिया के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से लूटा गया सामान, अवैध हथियार और वारदात में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद हुई।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 17 जून 2026 को पीपरपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पार कर रही दो महिलाओं से लूट की वारदात को भी अंजाम दिया था। इस मामले में जीआरपी सुलतानपुर में मुकदमा संख्या 09/26 दर्ज है।इसके अलावा आरोपियों ने थाना मोतिगरपुर क्षेत्र के जाजूपुर गेट के पास एक महिला से चेन लूट की घटना भी कबूल की, जिसके संबंध में थाना मोतिगरपुर में मुकदमा संख्या 138/26 दर्ज है।पूछताछ में मुख्य आरोपी पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ प्रिंस ने बताया कि उसने करीब एक माह पहले नई अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी। इसके बाद उसने अपने साथी आशुतोष पाण्डेय और शिवा यादव के साथ गैंग बनाया। तीनों तमंचा और कारतूस लेकर बाइक से निकलते थे तथा सुनसान रास्तों पर दंपतियों और महिलाओं को निशाना बनाकर उनका पीछा करते थे। मौका मिलते ही तमंचा दिखाकर चेन, मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे।गिरफ्तार आरोपी।पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ प्रिंस पुत्र शैलेन्द्र कुमार सिंह, निवासी ग्राम नौगवा रायदासी, थाना कुड़वार, आशुतोष पाण्डेय पुत्र कपिल देव, निवासी रवनिया पश्चिम, थाना कुड़वार, शिवा यादव पुत्र इन्द्र पाल, निवासी पूरे भिखी का पुरवा, थाना कुड़वार पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही गैंग के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित वारदातों की भी जांच की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं