युवती को बंधक बनाकर सामूहिक दुराचार का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सुल्तानपुर जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुराचार और हत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी युवक समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और तहरीर में लगाए गए कुछ आरोप बढ़ा-चढ़ाकर भी लगाए गए हो सकते हैं।
पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, घटना देर रात की बताई जा रही है। आरोप है कि युवती शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन लोगों ने उसे पकड़ लिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसका मुंह दबाकर पास के जंगल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुराचार किया।पीड़िता ने बताया कि आरोपियों में से दो ने अपने चेहरे पर काला कपड़ा बांध रखा था, जिससे वह उनकी पहचान नहीं कर सकी। हालांकि उसके पिता ने दी गई तहरीर में पड़ोसी को नामजद करते हुए दो अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया है।आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने युवती के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और उसे खोझवा के जंगल स्थित एक कुएं में फेंक दिया। कुएं में पानी कम होने के कारण युवती की जान बच गई, हालांकि वह बेहोश हो गई।बताया जाता है कि अगले दिन सुबह गांव निवासी शौच के लिए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उन्हें कुएं से युवती के रोने और मदद की आवाज सुनाई दी। उन्होंने तत्काल शोर मचाकर ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पीआरवी-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से युवती को कुएं से सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया।पीड़िता के पिता की तहरीर पर शिवगढ़ पुलिस ने नामजद आरोपी तथा दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने बताया कि आरोपी और युवती का घर आमने-सामने है तथा दोनों के बीच पहले से प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान कुछ आरोप बढ़ा-चढ़ाकर लगाए जाने की भी संभावना सामने आई है। पुलिस सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं