ब्रेकिंग न्यूज

सावन मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, जनवारीनाथ धाम का किया निरीक्षण


सुलतानपुर आगामी श्रावण मास और सावन मेले को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने जनवारीनाथ धाम पहुंचकर मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कहा कि सावन मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से ही दुरुस्त रखी जाएं ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए, लगातार गश्त की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।वहीं जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए चिकित्सा एवं राहत व्यवस्था पूरी तरह तैयार रखी जाए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।जनपद प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि आगामी सावन मेले-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के भगवान जनवारीनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक कर सकें।

कोई टिप्पणी नहीं