ब्रेकिंग न्यूज

सुलतानपुर में अवैध असलहा तस्करी का भंडाफोड़, कुड़वार पुलिस ने दो शातिर तस्करों को दबोचा


सुलतानपुर जनपद में अपराध और अवैध असलहों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुड़वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए थाना कुड़वार पुलिस ने दो शातिर असलहा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पिस्टल, दो देशी कट्टे, आठ जिंदा कारतूस तथा एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना कुड़वार की टीम ने 16 जुलाई  की रात करीब 9:30 बजे देवराम का पुरवा मजरा रवनिया पूरब क्षेत्र में घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक पिस्टल .32 बोर, दो 12 बोर के देशी कट्टे, चार .32 बोर और चार 12 बोर के कुल आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए। मौके से एक स्कॉर्पियो वाहन भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त का धंधा करते हैं। बरामद हथियारों को बेचने के लिए वे सुलतानपुर शहर जा रहे थे।

पुलिस की घेराबंदी के दौरान उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी कामरान के पास दो कट्टे 315 बोर तथा आकाश मिश्रा के पास एक कट्टा 315 बोर और एक बड़ी नाल वाली 315 बोर की अद्धी थी, जिन्हें लेकर वह मौके से भाग निकला।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित यादव (24 ), निवासी पलिया सरकौड़ा, थाना कुड़वार तथा अभिषेक पाण्डेय (23 ), निवासी सरैया पूरे विसेन, थाना कुड़वार (स्थायी पता- जुडूपुर, थाना बंधुआकलां) के रूप में हुई है।बरामदगी और पूछताछ के आधार पर थाना कुड़वार में मु0अ0सं0 200/2026 के तहत धारा 3/5/25(1)(ए) आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही है।अपर पुलिस अधीक्षक का कहना है कि मामले में यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला हुआ है और अब तक कितने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की जा चुकी है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं