यूपी में फिर सक्रिय होगा मानसून, सुल्तानपुर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
लखनऊ यूपी में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 27 जुलाई से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होगा।, जिसके चलते पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज से भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं, गरज-चमक और आंधी-तूफान का भी अनुमान जताया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान भी देखने को मिला। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में मौसम का मिजाज और अधिक सक्रिय रहेगा, जिससे कई जिलों में भारी वर्षा हो सकती है।मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 से 26 जुलाई के बीच हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं 27 से 29 जुलाई के बीच मानसून के सक्रिय होने से तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है।पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 से 27 जुलाई तक छिटपुट बारिश होने का अनुमान है। हालांकि 28 और 29 जुलाई को मानसून की गतिविधियां तेज होने के साथ कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग ने बताया कि आगामी दिनों में प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान आने की भी संभावना है। लोगों को जर्जर भवनों, पेड़ों के नीचे खड़े होने और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
सुल्तानपुर समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
'सचेत' ऐप से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगले तीन घंटे के दौरान अमेठी, औरैया, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, जालौन, जौनपुर, झांसी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कौशांबी, महोबा, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, सुल्तानपुर और उन्नाव के कुछ इलाकों में बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन की अपील
मौसम विभाग और प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, बिजली कड़कने के समय खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। किसानों को भी मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं