ब्रेकिंग न्यूज

UP में पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव, कई ADG, IG और कमिश्नर बदले


लखनऊ यूपी सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। शासन द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। इस बदलाव का उद्देश्य प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह तथा सुचारु बनाना बताया गया है।तबादला सूची के अनुसार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं अमरेन्द्र कुमार सेंगर, जो अब तक लखनऊ के पुलिस आयुक्त थे, उन्हें पुलिस महानिरीक्षक (अभिसूचना) मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।मधुर अशोक जैन को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय से स्थानांतरित कर पुलिस महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवाएं बनाया गया है, जबकि अशोक मुथा को डीजी फायर सर्विस की जिम्मेदारी दी गई है।इसके अलावा राम कुमार को लखनऊ रेंज से स्थानांतरित कर गोरखपुर जोन का अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) नियुक्त किया गया है। नवीन अरोरा को तकनीकी सेवाओं से वाराणसी जोन भेजा गया है, जबकि पीयूष मोर्डिया को वाराणसी जोन से पुलिस आयुक्त प्रयागराज बनाया गया है।इसी क्रम में संजय गुप्ता को पुलिस मुख्यालय से अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं धर्मेंद्र सिंह को प्रयागराज रेंज का पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया गया है।यूपी सरकार ने मोहित गुप्ता, विनीत कुमार सिंह, राजेंद्र कुमार, आनंद प्रकाश तिवारी, अरुण कुमार सिंह और आनंद कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शासन ने सभी अधिकारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।प्रदेश सरकार का कहना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल पुलिस व्यवस्था को अधिक मजबूत, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में किया गया है। नई तैनाती के बाद अधिकारियों से कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा जनसामान्य को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं