दिल्ली में गूंजा सुल्तानपुर का नाम, महाकुंभ अमृत सम्मान-2025 से सम्मानित हुआ गोमती मित्र मंडल
सुल्तानपुर वर्षों से गोमती नदी के संरक्षण, स्वच्छता और जनसेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहे गोमती मित्र मंडल को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित भव्य समारोह में मंडल को 'महाकुंभ अमृत सम्मान-2025' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान गोमती मित्र मंडल के साथ-साथ पूरे सुल्तानपुर जनपद के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
यह सम्मान स्वर संसार वेलफेयर एंड कल्चरल सोसायटी (पंजीकृत), नई दिल्ली तथा सोशल ट्रांसफॉर्मेशन फाउंडेशन (पंजीकृत), लखनऊ द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। गोमती मित्र मंडल की ओर से वरिष्ठ एवं संस्थापक पदाधिकारी अजय प्रताप सिंह ने यह सम्मान ग्रहण किया।सम्मान प्राप्त होने के बाद रविवार को आयोजित साप्ताहिक श्रमदान कार्यक्रम में गोमती मित्रों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए इसे जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान बताया। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने मां गोमती के समक्ष अपनी सेवा और स्वच्छता अभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प भी दोहराया।रविवार सुबह 6 बजे से शुरू हुए श्रमदान अभियान में स्वयंसेवकों ने लगभग तीन घंटे तक गोमती तट, परिसर, श्राद्ध स्थल और सीता उपवन की व्यापक साफ-सफाई की। साथ ही सायंकाल आयोजित होने वाली आदि गंगा मां गोमती की आरती की तैयारियां भी पूरी की गईं।गोमती मित्र मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि यह सम्मान उनके वर्षों के निस्वार्थ श्रम, सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनभागीदारी के माध्यम से गोमती नदी की स्वच्छता और संरक्षण के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।श्रमदान कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह 'मदन', प्रदेश प्रवक्ता रमेश माहेश्वरी, युवा मंडल अध्यक्ष अजय वर्मा, संत कुमार प्रधान, दिनकर सिंह, राकेश सिंह 'दद्दू', सेनजीत कसौधन 'दाऊ', मुन्ना सोनी, सौरभ कसौधन, आलोक तिवारी, सोनू सिंह, अजीत शर्मा, रामू सोनी, विकास कौशल, राकेश मिश्रा, अरुण गुप्ता, अभय सोनी, अभय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गोमती मित्र उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं