हर घर तिरंगा अभियान को जनआंदोलन बनाएगी योगी सरकार, पांच करोड़ घरों तक पहुंचेगा तिरंगा
लखनऊ प्रदेश सरकार इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी का सबसे बड़ा राष्ट्रीय उत्सव बनाने की तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत प्रदेश के पांच करोड़ घरों तक तिरंगा पहुंचाने का लक्ष्य तय करते हुए इसे केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है।शुक्रवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के आयोजन में समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी हो, ताकि राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक मजबूती मिल सके।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 9 अगस्त (काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस) से लेकर 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में तिरंगा रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्र एवं कला प्रदर्शनी, कैंडल मार्च, शहीद स्थलों पर श्रद्धांजलि, स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित प्रदर्शनियां तथा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के विशेष आयोजन किए जाएं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, राष्ट्र निर्माण और देश की एकता से जोड़ना है।बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश ने पिछले वर्षों में 'हर घर तिरंगा' अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2022 में 4.10 करोड़, 2023 और 2024 में 4.50 करोड़ से अधिक तथा 2025 में 4.76 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराया गया था। इस बार सरकार ने इसे बढ़ाकर पांच करोड़ घरों तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अभियान में स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग, एमएसएमई इकाइयों और स्थानीय उत्पादन केंद्रों को भी जोड़ा जाए। साथ ही राशन की दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों, जन सेवा केंद्रों, डाकघरों, तहसीलों और अन्य सार्वजनिक केंद्रों के माध्यम से आम नागरिकों को आसानी से तिरंगा उपलब्ध कराया जाए।मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशभर में तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत समारोह, रंगोली प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, प्रकाश सज्जा और 'सेल्फी विद तिरंगा' जैसे कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रमुख सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डों और प्रमुख बाजारों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा।विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी, 'वंदे मातरम्' गायन, चित्रकला प्रतियोगिता तथा अन्य राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का माध्यम बने।

कोई टिप्पणी नहीं