ब्रेकिंग न्यूज

27 जुलाई से फिर मेहरबान होगा मानसून


लखनऊ उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से मानसूनी बारिश की रफ्तार धीमी पड़ने के बाद अब मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 27 जुलाई से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होगा।जिससे पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। तराई क्षेत्र के कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है।क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून ट्रफ के दोबारा उत्तर की ओर खिसकने तथा बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होने के कारण प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी। इसके प्रभाव से 27 से 30 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर मध्यम से तेज बारिश होने के आसार हैं।मौसम विभाग के अनुसार 26 जुलाई को प्रदेश के किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, 27 जुलाई से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने लगेगा और कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे बीते दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी।विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी बारिश किसानों के लिए भी राहत लेकर आएगी। धान, मक्का और अन्य खरीफ फसलों की सिंचाई की आवश्यकता काफी हद तक पूरी होगी, जिससे फसलों की बढ़वार बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं, मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा और प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है। इससे जलाशयों और नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।

कोई टिप्पणी नहीं