ब्रेकिंग न्यूज

सुलतानपुर में शिक्षकों को मिले मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड


सुलतानपुर उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत रविवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जनपद स्तरीय कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों को प्रतीक स्वरूप कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के सजीव प्रसारण के साथ हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री के संबोधन को उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने देखा और सुना।राज्य स्तरीय कार्यक्रम के उपरांत जनपद स्तरीय समारोह का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह तथा नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना के साथ किया।कार्यक्रम में राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गनपत सहाय पीजी कॉलेज तथा केएनआईपीएसएस के कुल 20 शिक्षकों को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रतीक स्वरूप मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए गए। योजना के माध्यम से शिक्षकों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का उद्देश्य है।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी अतिथियों का पौधे भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रीति प्रकाश ने किया, जबकि आभार ज्ञापन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दिनेश कुमार त्रिपाठी ने व्यक्त किया।समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक एस.पी. सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटा शंकर, प्राचार्य डॉ. अजय सिंह, प्रो. अंग्रेज सिंह राणा, डॉ. सुनील त्रिपाठी, डॉ. एस.पी. सिंह सहित विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने इस योजना को उनके स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताया।

कोई टिप्पणी नहीं