यूपी में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 7 अगस्त तक बारिश के आसार
लखनऊ यूपी में बीते कुछ दिनों से बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बारिश का दौर जारी था, लेकिन अब प्रदेश में एक बार फिर मानसून पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने रविवार (3 अगस्त) को राजधानी लखनऊ, नोएडा समेत करीब 50 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं 21 जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के आसपास बना निम्न दबाव क्षेत्र कमजोर होने के बाद मानसूनी ट्रफ धीरे-धीरे उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां तेज हो रही हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 4 अगस्त से बारिश का सिलसिला और तेज होगा तथा 7 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। 8 अगस्त से वर्षा की तीव्रता में कमी आने के संकेत हैं।गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, बाराबंकी, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मुरादाबाद, रामपुर, बदायूं और बरेली सहित कई जिलों में बिजली की चमक, गरज-चमक और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई हैगाजियाबाद, मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, संभल, अलीगढ़, कासगंज, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, उन्नाव, कानपुर, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर और बलिया में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।आगरा, मथुरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज और वाराणसी में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। प्रदेश के शेष जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने, जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने तथा किसानों को मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कृषि कार्य करने की सलाह दी है। प्रशासन को भी संभावित जलभराव और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं