श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर पुलिस की मुस्तैदी, शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
सुल्तानपुर श्रावण मास के प्रथम सोमवार को जनपद के प्रमुख शिवालयों, मंदिरों और पवित्र स्नानघाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही शिवभक्त जलाभिषेक, पूजन-अर्चन और दर्शन के लिए लंबी कतारों में नजर आए।
"हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबे रहे।श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशन में जनपद के सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को पहले से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। इन निर्देशों के अनुपालन में सभी प्रमुख शिवालयों, मंदिरों और स्नानघाटों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई।पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया, जबकि स्नानघाटों पर सुरक्षा की दृष्टि से नाव, नाविकों और प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था भी की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।महिला श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मंदिरों में पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। पुलिस बल लगातार भीड़ पर नजर बनाए हुए है और श्रद्धालुओं के स्नान, पूजा-अर्चना तथा दर्शन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा रहा है।जिले के कंट्रोल रूम से सभी प्रमुख स्थलों की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों द्वारा प्रत्येक स्थान की स्थिति की जानकारी ली जा रही है, वहीं यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को दें। श्रावण मास के दौरान जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है।



कोई टिप्पणी नहीं