ब्रेकिंग न्यूज

मानसून सत्र की शुरुआत: सीएम योगी ने स्वस्थ चर्चा का किया आह्वान, विधानसभा परिसर में सपा का प्रदर्शन


लखनऊ उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र के पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों और सभी विधायकों को संबोधित करते हुए सदन की कार्यवाही को लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप संचालित करने और जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने की अपील की।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह मानसून सत्र सरकार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली NDA सरकार की हमेशा यह प्राथमिकता रही है कि विधानसभा के मंच का अधिकतम और सकारात्मक उपयोग हो।

उन्होंने कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश को पिछड़े राज्यों की श्रेणी से बाहर निकालकर राजस्व-अधिशेष (रेवेन्यू सरप्लस) राज्य के रूप में स्थापित करने में सफलता हासिल की है, जो प्रदेश की मजबूत आर्थिक स्थिति का प्रमाण है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सदन का समय जनता की समस्याओं के समाधान के लिए है। प्रत्येक विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को सदन में रख सकता है और सरकार उन पर चर्चा कर समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी दलों के विधायकों से स्वस्थ एवं सकारात्मक चर्चा में भाग लेने का आग्रह किया।मुख्यमंत्री योगी ने आउटसोर्स कर्मचारियों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में उन्होंने विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य किया है। सरकार उनके कल्याण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिलाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा, समीक्षा और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू कराने का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक मंच विधायिका ही है। इसलिए सदन की कार्यवाही को जनहित के मुद्दों पर केंद्रित रखा जाना चाहिए।इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने सावन माह और कांवड़ यात्रा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में शिवभक्त "हर-हर बम-बम" के उद्घोष के साथ आस्था का पर्व मना रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेने हरिद्वार के लिए रवाना हो चुके हैं। उनकी सुरक्षा और सुविधाओं के लिए शासन प्रशासन तथा स्वयंसेवी संगठन पूरी तरह सक्रिय हैं। मुख्यमंत्री योगी ने सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं भी दीं।वहीं मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा परिसर में विपक्ष ने सरकार को घेरने का प्रयास किया। समाजवादी पार्टी के विधायक चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए और राम मंदिर चंदा मामले तथा शिक्षक भर्ती समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सपा विधायक हाथों में पोस्टर लेकर विधानसभा पहुंचे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।मानसून सत्र के पहले दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपने-अपने मुद्दे प्रमुखता से उठाए। अब पूरे प्रदेश की नजर सदन की कार्यवाही पर रहेगी, जहां जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और कई अहम विधायी कार्य होने की संभावना है।

कोई टिप्पणी नहीं