यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आज से, 25 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल; सुरक्षा के कड़े इंतजाम, बस किराये में 50% छूट
लखनऊ यूपी पुलिस में 32,679 सिपाही नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा सोमवार से शुरू होगी। यह परीक्षा 8 से 10 जून तक प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। भर्ती बोर्ड के अनुसार करीब 25 लाख अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। अब तक 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर चुके हैं।उ प्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष डीजी ने बताया कि परीक्षा के सकुशल और निष्पक्ष आयोजन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी नोडल अधिकारियों को प्रश्नपत्रों को सुरक्षित ढंग से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रविवार शाम से ही सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। प्रवेश से पहले आधार कार्ड का सत्यापन, ई-केवाईसी और आइरिस स्कैनिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। स्थानीय पुलिस और एसटीएफ को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों से जूते के बजाय चप्पल पहनकर आने की अपील की है, जिससे जांच प्रक्रिया में आसानी हो सके। परीक्षा केंद्रों के आसपास भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।भर्ती बोर्ड के अपर सचिव भर्ती के अनुसार, तीन दिनों तक चलने वाली परीक्षा की प्रत्येक पाली में लगभग 4.90 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। सिपाही भर्ती के लिए कुल 28.65 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे। परीक्षा के संचालन के लिए प्रदेश भर में 1,183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया भी तैयार किए गए हैं।महिला अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके गृह जनपद के मंडल क्षेत्र के जिलों में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर जांच के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि कलावा, मंगलसूत्र जैसे धार्मिक प्रतीकों पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। हालांकि हाईटेक उपकरणों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।परीक्षा में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए चारबाग और लखनऊ जंक्शन सहित प्रदेश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। रेलवे, आरपीएफ और जीआरपी को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जरूरत पड़ने पर ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। स्टेशनों पर हेल्प डेस्क, अतिरिक्त टिकट काउंटर और अतिरिक्त सुरक्षा बल की व्यवस्था की गई है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में यात्रा के दौरान 50 प्रतिशत किराया छूट देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र दिखाकर रियायती किराये का लाभ उठा सकेंगे।परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने रोडवेज अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी करते हुए मंडल एवं जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने, परीक्षा सहायता डेस्क स्थापित करने तथा अतिरिक्त बसों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। बसों की निगरानी जीपीएस प्रणाली से की जाएगी और सभी प्रमुख बस अड्डों पर यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।प्रदेश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में शामिल इस आयोजन को लेकर प्रशासन, पुलिस, रेलवे और परिवहन विभाग पूरी तरह सतर्क हैं। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुरक्षा, सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं