पंचायत चुनाव 2026: मतदाता पुनरीक्षण-2025 की प्रक्रिया पूरी, 10 जून को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
लखनऊ पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता पुनरीक्षण-2025 की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अनंतिम मतदाता सूची पर प्राप्त दावों और आपत्तियों की सुनवाई कर उनका निस्तारण कर दिया गया है तथा पूरा डाटा ऑनलाइन फीड कर दिया गया है। अब राज्य निर्वाचन आयोग 10 जून 2026 को पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करेगा। अधिकारियों का कहना है कि सूची जारी करने की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और इसमें अब किसी तरह की देरी की संभावना नहीं है।राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव के लिए विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया था। इसके तहत 18 दिसंबर 2025 को अनंतिम मतदाता सूची जारी की गई थी। आयोग के आंकड़ों के अनुसार पुनरीक्षण के दौरान 1.81 करोड़ नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया।जबकि 1.41 करोड़ अयोग्य मतदाताओं के नाम हटाए गए। इस प्रकार पिछले पंचायत चुनाव की तुलना में कुल 40.19 लाख मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई थी।अनंतिम सूची जारी होने के बाद आयोग ने दावे और आपत्तियां आमंत्रित की थीं। इस दौरान बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। लाखों दावों और आपत्तियों के निस्तारण में समय लगने के कारण अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तिथि पांच बार बढ़ानी पड़ी। अंततः आयोग ने 10 जून 2026 को अंतिम सूची जारी करने की तिथि निर्धारित की।विभागीय अधिकारियों के अनुसार अंतिम सूची को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। सभी मतदाताओं को 9 अंकों का स्टेट वोटर नंबर (SVN) आवंटित किया गया है। इसके अलावा मतदाता डाटा का डिजिटलीकरण और ऑनलाइन सत्यापन जैसी व्यवस्थाएं भी लागू की गई हैं।जिससे चुनावी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम बनेगी।10 जून को अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि पिछले पंचायत चुनाव की तुलना में कुल कितने मतदाताओं की वृद्धि हुई है। साथ ही जिलेवार और श्रेणीवार अन्य महत्वपूर्ण आंकड़े भी सामने आएंगे। अधिकारियों का कहना है कि अनंतिम सूची की तुलना में अंतिम सूची में केवल मामूली बदलाव होने की संभावना है।अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही पंचायत चुनाव की तैयारियों को नई गति मिलेगी। निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन चुनावी कार्यक्रम की आगामी प्रक्रियाओं पर तेजी से काम शुरू करेंगे। अंतिम सूची जारी होने के बाद संभावित चुनाव कार्यक्रम को लेकर भी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

कोई टिप्पणी नहीं