ब्रेकिंग न्यूज

धर्मांतरण के आरोप से हड़कंप, जिम ट्रेनर समेत 10 लोगों पर केस


शामली जनपद में कथित धर्मांतरण के एक मामले ने सनसनी फैला दी है। सदर कोतवाली क्षेत्र के दयानंद नगर निवासी एवं केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष देवराज मलिक की तहरीर पर पुलिस ने जिम ट्रेनर चांदनी कुरैशी समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी चांदनी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।तहरीर के अनुसार देवराज मलिक का 27 वर्षीय बेटा आयुष मलिक बी-फार्मा की पढ़ाई करने के बाद मेडिकल स्टोर का संचालन करता था। आरोप है कि करीब पांच वर्ष पहले जिम में आने-जाने के दौरान उसकी पहचान जिम ट्रेनर चांदनी कुरैशी से हुई। इसके बाद उसे प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया गया। शिकायत में दावा किया गया है कि बाद में उसका नाम भी बदल दिया गया और उसके रहन-सहन तथा पहनावे में बदलाव आने लगा।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बेटे की आय का आर्थिक शोषण किया गया तथा परिवार के अन्य सदस्यों पर भी धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है।मामले की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर धर्मांतरण, अवैध वसूली, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधीक्षक ए ने बताया कि मामले में कुल 10 लोगों को नामजद किया गया है। मुख्य आरोपी महिला और उसके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। तीन मौलवियों की कथित भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं