ब्रेकिंग न्यूज

शिक्षिका से लूट का आरोप: पति के साथ मारपीट कर बदमाशों ने छीनी सोने की चेन, पुलिस जांच में जुटी


सुल्तानपुर जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र में स्कूल से पति के साथ बाइक से घर लौट रही एक शिक्षिका के साथ मारपीट और लूट की घटना सामने आई है। पीड़िता ने अज्ञात लोगों पर पति के साथ मारपीट करने और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता शिक्षिका प्रियंका शुक्ला पत्नी शिवम तिवारी निवासी गोविंदपुर मखदूमपुर ने कुड़वार थाने में तहरीर देकर बताया कि वह कुड़वार क्षेत्र स्थित पूरे पंडित रामभद्र प्राथमिक विद्यालय में अध्यापिका हैं। शनिवार को स्कूल से छुट्टी के बाद वह अपने पति शिवम तिवारी के साथ बाइक से घर लौट रही थीं।आरोप है कि कुड़वार-नौगवा तीर मार्ग पर इसरौली मोड़ के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान आरोपियों ने उनके पति के साथ मारपीट की और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद दंपति ने पुलिस से शिकायत की।मामले में क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) ने बताया कि कुड़वार थाने पर महिला द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया है। शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश में कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं