पुलिस को बड़ी सफलता: 121 गुमशुदा मोबाइल बरामद
सुलतानपुर पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक वृज नारायण सिंह के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी नोडल के कुशल पर्यवेक्षण तथा प्रभारी सर्विलांस सेल/एसओजी के नेतृत्व में सुलतानपुर पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। सर्विलांस सेल टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 121 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित आवेदकों को सुपुर्द किए हैं।
बरामद किए गए मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार, गुम हुए मोबाइल फोन के संबंध में शिकायतकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय अथवा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराते हैं। इन शिकायतों की सर्विलांस सेल द्वारा लगातार मॉनीटरिंग की जाती है। प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण और मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए टीम द्वारा नियमानुसार लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप यह सफलता मिली।रविवार को बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन संबंधित आवेदकों को विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए सौंपे जा रहे हैं। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने सुलतानपुर पुलिस का आभार जताया और पुलिस टीम की सराहना की।पुलिस ने बताया कि भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए “सीईआईआर (Central Equipment Identity Register)” पोर्टल शुरू किया गया है। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक अथवा अनब्लॉक कर सकता है।पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए तो तत्काल अपने स्थानीय थाने पर मोबाइल की रसीद और पहचान पत्र के साथ पहुंचकर सीईआईआर पोर्टल पर जानकारी अपलोड कराएं। जानकारी अपलोड होने के बाद आवेदक के मोबाइल नंबर पर एक रिक्वेस्ट नंबर प्राप्त होगा। भविष्य में यदि कोई व्यक्ति उस मोबाइल का इस्तेमाल करेगा तो संबंधित व्यक्ति को मैसेज के माध्यम से सूचना प्राप्त होगी, जिसके आधार पर सर्विलांस सेल एवं थाना पुलिस मोबाइल को रिकवर कर सकती है।सुलतानपुर पुलिस ने जनता से अपील की है कि गुम अथवा चोरी हुए मोबाइल फोन की सूचना तुरंत CEIR पोर्टल पर दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक कराएं। इससे मोबाइल के दुरुपयोग पर रोक लगाई जा सकेगी तथा तकनीकी सर्विलांस के जरिए उसकी शीघ्र और सुरक्षित बरामदगी संभव हो सकेगी।

कोई टिप्पणी नहीं